नैनीताल पहुंचना होगा आसान, काठगोदाम से 14 कि. मी. रोप-वे योजना,4 जगह स्टेशन
नैनीताल जाने वाले पर्यटकों के लिए लंबे समय से इंतजार में चल रही बड़ी सौगात अब जमीन पर उतरने की ओर बढ़ रही है. काठगोदाम से नैनीताल तक करीब 1600 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 14 किलोमीटर लंबे रोप-वे का रास्ता साफ हो गया है. खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट में सिर्फ रोप-वे ही नहीं, बल्कि होटल, पार्किंग, फूड आउटलेट, रिटेल शॉप और ईकोटूरिज्म रिजॉर्ट जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. 7 सितंबर को होने वाला संयुक्त निरीक्षण इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए अहम माना जा रहा है.
नैनीताल घूमने जाने वालों के लिए आने वाले समय में सफर काफी आसान होने वाला है. काठगोदाम से नैनीताल तक सड़क के लंबे जाम से परेशान होने वाले पर्यटकों को जल्द ही रोप-वे की सुविधा मिल सकती है. करीब 1600 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस रोप-वे के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है. 14 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट को लेकर तैयारियां आगे बढ़ गई हैं और 7 सितंबर को संयुक्त निरीक्षण किया जायेगा।
करीब 1600 करोड़ रुपये की लागत वाले इस रोप-वे की लंबाई लगभग 14 किलोमीटर होगी. इसके लिए चार प्रमुख टर्मिनल और स्टेशन बनाए जाएंगे. एचएमटी रानीबाग में लोअर टर्मिनल बनाया जाएगा. इसके बाद डोलमार में टर्न स्टेशन, ज्योलीकोट में मिड टर्म स्टेशन और नैनीताल के हनुमानगढ़ी में अपर टर्मिनल स्टेशन बनाया जाएगा. इससे काठगोदाम से नैनीताल के बीच आने-जाने वाले पर्यटकों को सड़क मार्ग के अलावा एक नया विकल्प मिलेगा।
अपर जिलाधिकारी सौरब असवाल ने बताया कि रोप-वे प्रोजेक्ट के साथ अलग-अलग जगहों पर पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. रानीबाग में करीब 35.40 करोड़ रुपये की लागत से थ्री स्टार होटल बनाया जाएगा. इसके अलावा लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी स्टोरेज कार पार्किंग तैयार की जाएगी. यहां फूड आउटलेट्स, फैमिली एंटरटेनमेंट जोन, रिटेल शॉप और रेस्टोरेंट भी बनाए जाएंगे. यानी रोप-वे से सफर करने वाले पर्यटकों को सिर्फ आने-जाने की सुविधा ही नहीं मिलेगी, बल्कि रास्ते में खाने-पीने, खरीदारी और मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
ज्योलीकोट में बनेगा ईकोटूरिज्म रिजॉर्ट
प्रोजेक्ट के तहत ज्योलीकोट रोप-वे स्टेशन के पास भी पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी. यहां करीब 20.25 करोड़ रुपये की लागत से ईकोटूरिज्म रिजॉर्ट बनाया जाएगा. इसके साथ रिटेल शॉप और फूड एंड बेवरेज आउटलेट्स भी विकसित किए जाएंगे.
