वीर भूमि उत्तराखंड।।। 1962 का युद्ध 72 घंटे लगभग 300 चीनी सैनिकों का सफाया और राइफलमैन वीर जसवंत सिंह रावत
1962 के भारत-चीन युद्ध के अमर वीर राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की वीरगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उनके पैतृक घर को संग्रहालय में बदला जाएगा. उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के ब्यार्यूं गांव स्थित उनके पुश्तैनी आवास को आधुनिक स्वरूप देकर स्मारक के रूप में विकसित किया जाएगा. भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह संग्रहालय न केवल जसवंत सिंह रावत के अद्वितीय साहस को प्रदर्शित करेगा, बल्कि देश-विदेश से आने वाले लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र भी बनेगा।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि वह 17 नवंबर को पौड़ी गढ़वाल के ब्यार्यूं गांव में स्थित जसवंत सिंह रावत के पैतृक घर पर संग्रहालय निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे. उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और वीर सैनिक के जीवन, संघर्ष तथा बलिदान से जुड़ी जानकारियों को संरक्षित करेगा।
अनिल बलूनी ने बताया कि उन्होंने शनिवार को लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के ब्यार्यूं गांव का दौरा किया और 1962 के अमर शहीद को उनके जन्मस्थान पर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने वहां की पवित्र मिट्टी को नमन किया और उनके पैतृक घर को भव्य संग्रहालय एवं प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया. दौरे के दौरान उन्होंने जसवंत सिंह रावत के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की. बलूनी के अनुसार परिवार ने संग्रहालय निर्माण के प्रस्ताव का स्वागत किया और अपनी सहमति भी दी।
1962 युद्ध
जसवंत सिंह रावत 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान गढ़वाल राइफल्स की चौथी बटालियन में तैनात थे. उत्तर-पूर्व सीमांत एजेंसी (वर्तमान अरुणाचल प्रदेश) के नूरानांग युद्ध में उन्होंने असाधारण साहस का प्रदर्शन किया. विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने तीन दिनों तक मोर्चा संभाले रखा और दुश्मन का डटकर सामना किया. अनिल बलूनी ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा करते हुए 17 नवंबर 1962 को उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया. उनके अदम्य साहस के लिए उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था।जसवंत सिंह रावत 19 अगस्त 1960 को मात्र 19 वर्ष की आयु में 4 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे. महज 21 वर्ष की उम्र में उन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया. उनका जीवन आज भी भारतीय सेना और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जाता।

पीढ़ियों के प्रेरणा।।।।।।
जसवंत सिंह रावत का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा. प्रस्तावित संग्रहालय में उनके जीवन, सैन्य सेवा, नूरानांग युद्ध और वीरता से जुड़े दस्तावेज, तस्वीरें और ऐतिहासिक जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी, जिससे युवा पीढ़ी देश के लिए उनके योगदान को करीब से जान सकेगी।
