काशीपुर युवा संवाद।।।।विद्यार्थियों के सपनों से आकार लेगा विकसित उत्तराखंड : धामी
विद्यार्थियों के सपनों से आकार लेगा विकसित उत्तराखंड : धामी
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में 2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने साझा किए विचार
काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को काशीपुर पहुंचे और ढकिया रोड स्थित द प्रिंस पैलेस में आयोजित ‘युवा विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। आईजीएल परिसर स्थित अस्थायी हेलीपैड पर पहुंचने पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम से पूर्व मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रदेश में 10 अगस्त से कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के साथ ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर संवाद अभियान शुरू किया गया था। अभियान के तहत प्रदेशभर से 2 लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों ने निबंध, विचार और सुझाव साझा किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन, पर्यावरण, स्वरोजगार और स्टार्टअप सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों में प्रतिभा और ज्ञान की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही दिशा, मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि युवाओं की बात सुनना और उनके सुझावों पर तार्किक ढंग से विचार करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की सरकार की पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने की योजना है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों के अभाव में पढ़ाई में पीछे रहने से बचाना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा स्टार्टअप, सरकारी सेवाओं और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भागीदारी बढ़ा रहे हैं। प्रदेश के विकास में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और नवाचार के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
