उत्तराखंड।।।।दिल्ली और लखनऊ से नए एक्सप्रेसवे से पहाड़ों का सफर होगा आसान, बरेली, आगरा, मथुरा तक जुड़ेगा पहाड़,
NHAI बरेली से हल्द्वानी तक लगभग 100 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी कर रहा है. इसके बनने के बाद दिल्ली-NCR, लखनऊ, आगरा से नैनीताल, रानीखेत का सफर काफी तेज और आसान हो जाएगा।
NHAI की योजना के मुताबिक, बरेली से हल्द्वानी के बीच करीब 100 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तैयार किया जा रहा है. यह पूरी तरह से कंट्रोल्ड-एक्सेस एक्सप्रेसवे होगा, जिसका मतलब है कि गाड़ियां 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बिना किसी सिग्नल या लोकल रुकावट के दौड़ सकेंगी. यह नया रूट बहेड़ी, किच्छा, रुद्रपुर, लालकुआं और पंतनगर जैसे घनी आबादी वाले भारी ट्रैफिक वाले कस्बों को पूरी तरह बाईपास कर देगा. इससे लोकल ट्रैफिक में लगने वाले 2 से 3 घंटे सीधे बच जाएंगे.
हल्द्वानी शहर उत्तराखंड के नैनीताल जिले में आता है. हल्द्वानी और काठगोदाम सटे हुए शहर हैं. यहीं से कुमाऊं के पहाड़ शुरू होते हैं. काठगोदाम को कुमाऊं का द्वार कहते हैं. यहीं से नैनीताल, रानीखेत, कैची धाम, बागेश्वर जैसे पर्यटक स्थलों के रास्ते हैं. ऐसे में जब हल्द्वानी तक का सफर सुपरफास्ट होगा तो ऊपर पहाड़ों पर जाना भी आसान हो जाएगा.
प्रस्तावित नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे आगरा और मथुरा जैसे शहरों से भी पहाड़ों का सफर आसान करेगा. दरअसल मथुरा-बरेली हाइवे पर पहले से ही काम चल रहा है. यह हाइवे बरेली में इस नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को भी लिंक करेगा. इससे मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, आगरा, एटा, बदायूं और कासगंज जैसे पश्चिमी यूपी के शहरों की कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी।
फिलहाल दिल्ली-एनसीआर से हल्द्वानी जाने के लिए मुरादाबाद-रुद्रपुर रूट का इस्तेमाल किया जाता है. पीक सीजन में यहां अक्सर जाम की समस्या रहती है. वहीं अगर बरेली होकर जाया जाए तो भी ट्रैफिक का झंझट रहता है. लेकिन इस नए एक्सप्रेसवे को बरेली में दिल्ली-मुरादाबाद-बरेली नेशनल हाईवे (NH-24) कॉरिडोर से एक इंटरचेंज के जरिए सीधे जोड़ा जाएगा. यानी बिना किसी शहर के ट्रैफिक से उलझे दिल्ली से हल्द्वानी पहुंच पाएंगे.
