ट्रेन की चपेट में आकर गेटमैन की मौत बुधवार तड़के 3.15 बजे ग्राम गिरध्याई रेलवे गेट पर हुआ हादसा
काशीपुर । महुआखेड़ा गंज क्षेत्र के गिरध्याई रेलवे फाटक पर बुधवार तड़के 3:15 बजे ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे गेटमैन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची आईटीआई कोतवाली पुलिस और आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महुआखेड़ागंज के ग्राम पैगा निवासी और वर्तमान में रेलवे कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय अंकुर भारद्वाज पुत्र शेर सिंह गिरध्याई रेलवे गेट पर गेटमैन के पद पर कार्यरत थे। बुधवार तड़के करीब 3:15 बजे अंकुर ने जैसलमेर-दिल्ली से आने वाली ट्रेन के लिए रेलवे गेट नंबर 31 सी बंद किया। ट्रेन गुजरने के बाद भी काफी देर तक क्रॉसिंग नहीं खुली तो लोगों ने इसकी सूचना रेलवे को दी। सूचना पर रेलवे पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची तो गेटमैन का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। वहीं जानकारी मिलने पर आईटीआई कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अंकुर के बड़े भाई अंशु भारद्वाज ने बताया कि अंकुर तीन भाइयों में मंझले थे। वह विवाहित थे और उनकी पांच साल की बेटी है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर सुखवंत सिंह ने बताया बुधवार तड़के 3:15 बजे गेटमैन ने गेट बंद किया था। गेटमैन रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। काफी देर तक गेट नहीं खुलने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। वहीं आईटीआई कोतवाली प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
