उत्तराखंड ।।।पीएम की अपील और माणा गांव पर लक्ष्मी जी की कृपा
उत्तराखंड।।। चारधाम यात्रा के दौरान पर्यटकों और श्रद्धालुओं की खरीदारी से गांव के कारोबार में रिकॉर्ड उछाल आया है. इस सीजन में माणा के मुख्य बाजार का व्यापार लगभग 20 से25 करोड़ पहुंचने का अनुमान है। वहीं ऊनी वस्त्रों की बिक्री से ग्रामीणों को 5 से 10 करोड़ रुपये की बिक्री हुई है।वर्ष 2022 में पीएम मोदी ने माणा को देश का प्रथम गांव बताते हुए यात्रियों से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की थी।

बदरीनाथ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अपील ने सीमांत गांव की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाई है. चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की खरीदारी से यहां के स्थानीय कारोबार को जबरदस्त बढ़ावा मिला है. कभी सीमित आर्थिक गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले इस गांव में अब करोड़ों रुपये का व्यापार होने का अनुमान है. इस सीजन में बाजार का कारोबार 20 से 25करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि ऊनी वस्त्रों की बिक्री से ही ग्रामीणों को 5 से 10 करोड़ रुपये की बिक्री हुई है. इस उछाल ने स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी ला दी है।
यह बदलाव उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम के समीप स्थित देश के प्रथम गांव माणा में देखने को मिल रहा है. 21 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी माणा पहुंचे थे. यहां उन्होंने गांव को ‘अंतिम गांव’ के बजाय ‘देश का प्रथम गांव’ कहकर नई पहचान दी थी. इसके साथ ही उन्होंने तीर्थयात्रियों से अपनी यात्रा के खर्च का पांच प्रतिशत हिस्सा स्थानीय गांवों में खर्च करने की अपील की थी. प्रधानमंत्री की इस पहल के बाद स्थानीय पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली।
लगभग 20 से 25 करोड़ रुपये का कारोबार
गांव के पूर्व प्रधान पीतांबर दत्त मोलफा के मुताबिक, इस वर्ष जुलाई और अगस्त को छोड़कर बाकी यात्रा सीजन में बड़ी संख्या में पर्यटक और तीर्थयात्री माणा पहुंचे. यात्रियों ने गांव के बाजार में स्थानीय उत्पादों और ऊनी वस्त्रों की खूब खरीदारी की. इससे इस सीजन में मुख्य बाजार का कारोबार करीब 20 से 25करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है. ग्रामीणों के लिए यह आय का बड़ा अवसर साबित हुआ है।
ऊनी वस्त्रों की बिक्री से करोड़ों की कमाई
माणा गांव की पहचान स्थानीय ऊनी उत्पादों से भी जुड़ी हुई है. यहां आने वाले पर्यटक टोपी, शॉल, स्वेटर और अन्य ऊनी वस्त्र खरीदना पसंद करते हैं. पूर्व प्रधान के अनुसार, अकेले इन उत्पादों की बिक्री से 5 से 10 करोड़ रुपये तक की आमदनी हुई है. इससे स्थानीय दुकानदारों और उत्पाद तैयार करने वाले ग्रामीणों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है. पर्यटकों की बढ़ती खरीदारी ने पारंपरिक उत्पादों की मांग को भी मजबूत किया है।
यात्रा का लाभ गांवों तक भी
चारधाम यात्रा उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार मानी जाती है. अब यात्रा से होने वाली आर्थिक गतिविधियों का लाभ केवल बड़े शहरों और प्रमुख पर्यटन केंद्रों तक सीमित नहीं रह रहा, बल्कि सीमांत गांवों के छोटे व्यापारियों और ग्रामीणों तक भी पहुंच रहा है. माणा में कारोबार का बढ़ना इसका उदाहरण है।
ग्रामीणों के लिए यह बदलाव आने वाले वर्षों में पर्यटन और स्थानीय उत्पादों के जरिए रोजगार व आय के नए अवसर पैदा करने की उम्मीद जगाता है. प्रधानमंत्री की स्थानीय खरीदारी संबंधी अपील और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने माणा को आर्थिक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में उभरने का अवसर दिया है।
